फरीदाबाद नगर निगम के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर (SE) ओमवीर सिंह की 18 दिन बाद नगर निगम में वापसी हो गई है। 30 अगस्त को एक पार्षद के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी वाले ऑडियो के वायरल होने के बाद उनका तबादला यमुनानगर कर दिया गया था। अब उन्हें दोबारा फरीदाबाद नगर निगम में तैनाती दी गई है।
ओमवीर सिंह से जुड़ा एक ऑडियो 30 अगस्त को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें एक पार्षद के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगा था। ऑडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया और निगम अधिकारियों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इसकी गूंज सुनाई दी।
ऑडियो वायरल होने के बाद पूर्वांचल समाज के लोग भी मामले को लेकर एकजुट हो गए थे। समाज के लोगों ने ओमवीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई और मामले को लेकर बड़े अधिकारियों से मुलाकात की। लोगों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी दर्ज कराई थी।
विवाद बढ़ने के बाद 30 अगस्त को ओमवीर सिंह का तबादला फरीदाबाद से यमुनानगर कर दिया गया था। इसके बाद वह करीब 18 दिन तक यमुनानगर में तैनात रहे। इस दौरान उनके तबादले को लेकर निगम के इंजीनियरिंग विंग में भी चर्चाएं होती रहीं।

No comments :