रोहतक में नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री ने सरकार को एक बार फिर हड़ताल की चेतावनी है। नरेश शास्त्री ने कहा कि 11 सितंबर को सीएम नायब सैनी के साथ मीटिंग में 16 मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अधिकारी सीएम के आदेशों को भी नहीं मान रहे। ऐसे में मंगलवार से दोबारा हड़ताल हो सकती है।
रोहतक में मीडिया से बात करते हुए प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री ने कहा कि सरकार के साथ कर्मचारियों पर हुए केस को वापस लेने पर सहमति बनी थी, लेकिन करीब 10 पालिका, निगम व परिषदों में कर्मचारियों को काम पर वापस नहीं लिया जा रहा है। कुछ ठेकेदार व अधिकारी सीएम के आदेशों को भी ठेंगा दिखाते हुए हड़ताल में शामिल कर्मचारियों को जॉइन नहीं करवा रहे हैं।
नरेश शासत्री ने कहा कि अधिकारियों व यूएलबी मिनिस्टर को सोमवार तक का समय दिया है। अगर सोमवार तक कर्मचारियों को जॉठन नहीं करवाया तो सीएम से मुलाकात की जाएगी और फिर भी कर्मचारियों को जॉइन नहीं करवाया गया तो मंगलवार से पूरे प्रदेश में दोबारा कर्मचारी हड़ताल पर जा सकते हैं।
नरेश शास्त्री ने कहा कि कुछ अधिकारी बेलगाम हो गए है, जिन पर लगाम कसने की जरूरत है। हड़ताल में शामिल कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद करते हुए उन्हें वापस जॉइन करवाया जाए। प्रदेश में करीब 700 ऐसे कर्मचारी है, जिन्हें जॉइन नहीं करवाया जा रहा। क्या ठेकेदार व अधिकारी सरकार से बड़े हैं, जो आदेशों को नहीं मान रहे।

No comments :