//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: संजय कॉलोनी चौकी क्षेत्र में नगर निगम फरीदाबाद द्वारा वार्ड नंबर-5 से वार्ड नंबर-4 स्थित जलघर तक पानी की डीआई लाइन बिछाने के कार्य के दौरान करीब 95 डीआई पाइप चोरी करने के मामले में पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कैंटर वाहन को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता हुकुम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सेक्टर-52 की पुलिया से मछली मार्केट तक गंदे नाले की सड़क पर पानी की पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। 15 सितम्बर 2026 की रात सड़क की खुदाई एवं पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। अगले दिन सुबह साइट पर पहुंचने पर वहां रखे करीब 95 डीआई पाइप गायब मिले। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई।
मामले में कार्रवाई करते हुए संजय कॉलोनी चौकी की पुलिस टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रिजवान निवासी नंगला कॉलोनी, पलवल, निषार उर्फ भोला निवासी गौहपुर, पलवल तथा अहमद निवासी गांव खिलूका, पलवल के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित रिजवान ने अपने जीजा के साथ मिलकर पहले वारदात स्थल की रैकी की थी। इसके बाद उसने एक कैंटर किराये पर लिया और 15 सितम्बर की रात करीब 8-10 लोगों के साथ वारदात स्थल पर पहुंचकर वहां रखे पाइप कैंटर में लोड कर लिए। आरोपित चोरी किए गए पाइपों को अगले दिन मानेसर ले गए, जहां उन्हें बेच दिया गया। वारदात के दौरान आरोपित निषार उर्फ भोला कैंटर चला रहा था, जबकि अहमद उस स्थान पर काम करता था जहां चोरी किए गए पाइप बेचे गए। अहमद से संपर्क करने के बाद ही पाइपों को मानेसर ले जाकर बेचने की बात सामने आई है। पाइप बेचने से प्राप्त रकम में से अहमद को भी हिस्सा दिया गया था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कैंटर वाहन बरामद कर लिया है। मामले में चोरी किए गए पाइपों की बरामदगी तथा अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा पूछताछ जारी है।
आरोपितों को माननीय अदालत में पेश कर आरोपित निषार व अहमद को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है, वहीं रिजवान को आगामी पूछताछ के लिए 5 पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

No comments :