//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में फरीदाबाद पुलिस के तीनों साइबर थानों की टीमों ने 29 अगस्त से 04 सितंबर के बीच एक सप्ताह के दौरान प्रभावी कार्रवाई करते हुए 48 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपितों से ₹3.95 लाख की राशि बरामद की गई है, जबकि साइबर ठगी से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए ₹4,07,747 की राशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तीनों साइबर थानों की टीमों ने कुल 15 मामलों में 48 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें साइबर थाना एनआईटी के 06 मामले, साइबर थाना सेंट्रल के 04 व साइबर थाना बल्लभगढ के 05 मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त साइबर पुलिस टीमों द्वारा 342 शिकायतों का निस्तारण किया गया है। यह कार्रवाई 29 अगस्त से 04 सितंबर 2026 के बीच एक सप्ताह के दौरान की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में चंदन बैरवा, रोहित मीणा, आशीष, दीपांशु, अमित , संदीप, शुभम, आकाश माहौर, आशुतोष रत्नाकर, दीपक, अमन, मनोज, ईश्वर, दिनेश, दिनेश, संदीप उर्फ जोनी, मेघनाथ कुमार, जयानी दर्शन, मोहम्मद रियासत, अब्बास, उपेंद्र, नितिन, अजय, अमरजीत, उमाशंकर, विकाश बिशनोई, विश्वास मीणा, विकाश सिंह, विशाल कुमार, पंकज कुमार, फैज़ान मुस्ताक, अदनान रियाज, रजत कुमार, मोहम्मद शाहरुख, परविंदर, निर्मल, हर्ष राय, अमन सिंह, शिव शंकर, अब्दुल, गुनगुन, आयुष, शेखर, प्रांजुल कुमार, शैलेन्द्र, नरेंद्र, अनस खान व राजवीर राठौर का नाम शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अपनी बैंकिंग अथवा अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी व्यक्ति को ओटीपी न बताएं। बैंक अथवा कोई भी अधिकृत संस्था फोन पर ग्राहकों से उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं मांगती।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई भी प्रावधान भारतीय कानून में नहीं है। यदि कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी अन्य एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन पर डराने या पैसे की मांग करने का प्रयास करता है तो सतर्क रहें और उसकी बातों में न आएं।
साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में पीड़ित व्यक्ति को बिना देरी किए तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा साइबर अपराध से संबंधित शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी दर्ज कराई जा सकती है।

No comments :