//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 18 अगस्त। हरियाणा को नशामुक्त बनाने के लिए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) ने नशा तस्करों के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। ब्यूरो की कार्रवाई अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के हॉटस्पॉट चिन्हित कर वहां लगातार सर्च अभियान चलाने के साथ-साथ युवाओं और आमजन को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के निदेशक, श्री संजय कुमार, IPS के दिशा निर्देश तथा श्री राजेंद्र कुमार मीणा, IPS, DIG के मार्गदर्शन में फरीदाबाद, गुड़गांव व रेवाड़ी यूनिटों ने पिछले सप्ताह नशा तस्करी के खिलाफ संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई की है। इस दौरान 5 मुकदमे दर्ज कर 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में 6246 अल्प्राजोलम टैबलेट, 2540 ट्रामाडोल टैबलेट, 47 ग्राम हेरोइन, 15.25 ग्राम MDMA तथा 8 बोतल कोडीन सिरप बरामद किया गया।
राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस, DIG हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को अब और व्यापक किया जा रहा है। ब्यूरो द्वारा छोटे स्तर पर नशा बेचने वाले सप्लायरों के साथ-साथ उनके पीछे सक्रिय बड़े तस्करों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। नशे की सप्लाई कहां से हो रही है, कौन लोग इसमें शामिल हैं और इसके पीछे किन आर्थिक स्रोतों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इसकी भी जांच की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट संदेश है कि नशे के अवैध कारोबार में किसी भी स्तर पर संलिप्त व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस और HSNCB की टीमें आपसी समन्वय के साथ तस्करों के नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।
*ड्रग हॉटस्पॉट पर लगातार रेड और सर्च अभियान*
नशे के खिलाफ अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए फरीदाबाद, गुरुग्राम व रेवाड़ी जिलों के ANC स्टाफ के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। चिन्हित ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं।
इन क्षेत्रों में नशा तस्करों के संभावित ठिकानों और उनके घरों पर रेड एवं तलाशी की कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य केवल आरोपियों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि नशे की सप्लाई चेन की जड़ तक पहुंचकर उसे पूरी तरह कमजोर करना है।
DIG राजेंद्र कुमार मीणा, IPS ने तीनों यूनिटों को निर्देश दिए हैं कि कमर्शियल क्वांटिटी वाले NDPS मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। ऐसे मामलों में नशे की तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क, सप्लायरों, फाइनेंसरों और आर्थिक स्रोतों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानून के प्रावधानों के अनुसार PIT-NDPS, प्रॉपर्टी अटैचमेंट तथा NDPS Act की धारा 68-F सहित अन्य प्रभावी कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका मकसद नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति पर भी चोट करना है, ताकि तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।
उन्होंने आगे बताया कि HSNCB का अभियान नशा तस्करों की धरपकड़ के साथ-साथ समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर भी केंद्रित है। ब्यूरो द्वारा ‘नशे से दूरी, जीवन के लिए जरूरी’ संदेश को आमजन तक पहुंचाने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पिछले सप्ताह विभिन्न स्कूलों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य स्थानों पर कुल 7 नशा-विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में 3853 लोगों ने भाग लिया।
HSNCB द्वारा नशे के खिलाफ कार्रवाई को दो स्तरों पर आगे बढ़ाया जा रहा है। एक ओर नशा तस्करों के खिलाफ गिरफ्तारी, मुकदमा, संपत्ति अटैचमेंट और अन्य कानूनी कार्रवाई के माध्यम से नशे के कारोबार पर प्रहार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर युवाओं और आमजन को जागरूक कर नशे की मांग को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
*ब्यूरो का संदेश स्पष्ट है—‘तस्कर बचेंगे नहीं, युवा भटकेंगे नहीं।’*
ब्यूरो की आमजन से अपील है कि यदि उनके आसपास नशे की बिक्री, तस्करी या किसी भी प्रकार के अवैध नशा कारोबार की जानकारी मिलती है तो तुरंत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1933, HSNCB हेल्पलाइन नंबर 90508-91508, NCB MANAS पोर्टल ncbmanas.gov.in या फिर स्थानीय पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।


No comments :