HEADLINES


More

मंत्री विपुल गोयल के सभी विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर, जनता परेशान; मंत्री की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल : नगरपालिका कर्मचारी संघ

Posted by : pramod goyal on : Wednesday, 26 August 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फ़रिदाबाद 26 अगस्त।(                  ) 


नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा ने कहा है कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग, कराधान एवं आपदा प्रबंधन विभाग से जुड़े कर्मचारी लंबे समय से हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण कर्मचारी तो परेशान हैं ही, आम जनता को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभागों के मंत्री विपुल गोयल की भूमिका और कार्यशैली गंभीर सवाल खड़े कर रही है।


संघ के राज्य अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकार हड़ताल समाप्त कराने के लिए गंभीर बातचीत करने की बजाय हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को भड़काने और उनके आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास क्यों कर रही है?

उन्होंने कहा कि 5 अगस्त के बाद मंत्री विपुल गोयल ने निकाय, कराधान एवं आपदा प्रबंधन विभागों के हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों से कोई सार्थक बातचीत नहीं की है। एक ओर कर्मचारी अपनी जायज मांगों के समाधान के लिए सड़कों पर हैं और दूसरी ओर मंत्री की चुप्पी कर्मचारियों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है।

नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनता की परेशानी और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर चिंतित है तो सरकार को टकराव की नीति छोड़कर तत्काल कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता करनी चाहिए और समाधान का रास्ता निकालना चाहिए।

उन्होंने सवाल किया कि क्या मंत्री विपुल गोयल के इसी व्यवहार से पटवारी, फायर कर्मचारियों तथा पालिका परिषदों एवं नगर निगमों के सफाई-सीवर कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होगी? जब संबंधित मंत्री ही हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों से बातचीत नहीं करेंगे तो समस्या का समाधान कैसे होगा?

संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की कि संबंधित मंत्रियों को निर्देश देकर सभी हड़ताली कर्मचारियों के साथ तत्काल वार्ता कराई जाए तथा सहमति से लंबित मांगों के पत्र जारी किए जाएं। कर्मचारियों को भड़काने या आंदोलन को बदनाम करने की बजाय सरकार बातचीत, विश्वास और न्याय के रास्ते पर आगे बढ़े।

नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की मांगों का सम्मानजनक समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

No comments :

Leave a Reply