फरीदाबाद में अटाली-कोराली रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान खेड़ी कलां निवासी 37 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो अटाली से कोराली की तरफ जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। स्कॉर्पियो सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी सुभाष पंचाल जिला अध्यक्ष कांग्रेस ओबीसी सेल की थी।
हादसे में खेड़ी कलां निवासी 37 वर्षीय मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में सवार 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मनीष स्कॉर्पियो की पिछली सीट पर बैठा था और वह वाहन नहीं चला रहा था। घायलों की पहचान ओम प्रकाश (36) निवासी खेड़ी कला , रिंकू (38)निवासी भारत कॉलोनी , योगेश (38) निवासी भारत कॉलोनी खेड़ी पुल के पास , सुनील 36 साल निवासी महावतपुर और ओमवीर (38) निवासी कोराली के रूप में हुई है।

No comments :