//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद। जिले में अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल कर अपराध करने वाले लोगों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस द्वारा अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ अवैध हथियारों की तस्करी एवं उनके इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में 8 अगस्त 2026 को फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार रखने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
*क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने दो आरोपियों को दबोचा*
क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपक (28) निवासी पल्ला, फरीदाबाद को हरकेश नगर, पल्ला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया।
दूसरी कार्रवाई में नितिश निवासी सूरजकुंड, फरीदाबाद को मेवला महाराजपुर अंडरपास के नजदीक से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया।
*क्राइम ब्रांच AVTS की कार्रवाई*
अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान क्राइम ब्रांच AVTS की टीम ने भी कार्रवाई की। टीम ने साद (25) निवासी गांव सरूरपुर, फरीदाबाद को महादेव चौक, गांव सरूरपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ संबंधित थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
*क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने आरोपी को किया गिरफ्तार*
इसी क्रम में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने साहिल (21) निवासी मुजेसर, फरीदाबाद को आजाद नगर झुग्गी, सेक्टर-24 क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया है।
*क्राइम ब्रांच बॉर्डर ने बाईपास रोड से पकड़ा आरोपी*
वहीं क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने कार्रवाई करते हुए अनुज निवासी सूरजकुंड, फरीदाबाद को बाईपास रोड, सेक्टर-37 क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।
आरोपी के खिलाफ संबंधित थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की गई।
फरीदाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों के कब्जे से कुल 5 अवैध देसी कट्टे बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। साथ ही उनको अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले सोर्सेज पर भी दबिश दी जा रही है।

No comments :