HEADLINES


More

5 रुपये के पुराने करैंसी नोटों को करोड़ों में खरीदने का झांसा देकर 1.02 लाख की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Posted by : pramod goyal on : Monday, 17 August 2026 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद, 17 अगस्त 2026


फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराध के मामलों में आरोपितों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी के निरन्तर में 5 रुपये के पुराने करेंसी नोटों को ऊंचे दाम पर खरीदने का झांसा देकर 1,02,267 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विनोद निवासी डींग, जिला सिरसा के रूप में हुई है। जिसको पुलिस ने माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-8, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर पुराने सिक्के बेचने से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को एक एक्सचेंज-बायर कंपनी से जुड़ा हुआ बताया।

आरोपितों ने शिकायतकर्ता को उसके पास मौजूद पुराने 5 रुपये के नोट को करीब 1 करोड़ रुपये में खरीदने का लालच दिया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से शिकायतकर्ता से पैसे मांगे गए। आरोपितों ने टैक्स फीस, सिक्योरिटी फीस और कस्टम फीस के नाम पर शिकायतकर्ता से अलग-अलग खातों में कुल 1,02,267 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद जब शिकायतकर्ता को ठगी का एहसास हुआ तो उसने मामले की शिकायत साइबर थाना बल्लभगढ़ में दी। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने तकनीकी जांच और बैंक खातों में हुए लेन-देन की जानकारी के आधार पर मामले में संलिप्त खाताधारक विनोद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 28,000 रुपये ट्रांसफर हुए थे।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित 8वीं कक्षा तक पढ़ा है और वर्तमान में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है। पुलिस टीम द्वारा आरोपित से पूछताछ कर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि सोशल मीडिया पर पुराने नोट, सिक्के या अन्य सामान को महंगे दामों में खरीदने के विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी व्यक्ति को टैक्स, सिक्योरिटी, कस्टम, रजिस्ट्रेशन या अन्य फीस के नाम पर पैसे ट्रांसफर न करें। किसी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचना दें।


No comments :

Leave a Reply