पलवल जिले में 32 वर्षीय बैंक कर्मी ने सूदखोरों की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ पी लिया। जहर पीने से पहले युवक ने वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया। वीडियो देख मां को इसका पता चला तो उन्होंने शोर मचा दिया। इसके बाद परिवार ने युवक को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। परिवार के मुताबिक, युवक के पिता ने गांव के कुछ लोगों से जमीन गिरवी रखकर 30 लाख रुपए उधार लिए थे, जिसे अब ब्याज जोड़कर करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताया जा रहा है। कर्ज चुकाने के लिए युवक ने अपनी एक एकड़ जमीन बेच दी।
रकम देने के लिए गांव में 42 गांवों की तेवतिया पाल की बड़ी पंचायत बुलाई गई, लेकिन आरोपी और ज्यादा ब्जाज बताने लगे। इसी से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया। परिवार की ओर से चार लोगों के नाम दिए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि युवक की चार माह पहले ही शादी हुई थी।

No comments :