//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 6 अगस्त। फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं ने अवैध हथियारों, नशा तस्करी व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 देशी कट्टे, 2 जिंदा कारतूस, 2.20 ग्राम स्मैक, 636 ग्राम गांजा, 456 ट्रामाडोल कैप्सूल तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राजेश कुमार मोहन, पुलिस उपायुक्त अपराध के नेतृत्व में फरीदाबाद पुलिस की सभी अपराध शाखाएं अवैध हथियार रखने वालों, नशा तस्करों और वाहन चोरों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के तहत विभिन्न अपराध शाखाओं ने बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं।
पुलिस टीमों ने अलग-अलग मामलों में कुल 5 देशी कट्टे और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर उनके सोर्स के बारे में जानकारी प्राप्त की गई है। पुलिस अब हथियार की आपूर्ति करने वालों पर दबिश दे रही है। जिन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध शाखाओं ने अलग-अलग मामलों में 2.20 ग्राम स्मैक, दो मामलों में कुल 636 ग्राम गांजा तथा 456 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। ट्रामाडोल कैप्सूल का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा रहा था। जोकि प्रतिबंधित है।
अपराध शाखा सेक्टर 16 की टीम ने आदर्श नगर थाना में दर्ज एक वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस मामले में विशाल वासी भारत कॉलोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार सभी 10 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि जिले में अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों, नशा तस्करों और वाहन चोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि उनके आसपास कोई व्यक्ति अवैध हथियार, नशा तस्करी या किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है तो उसकी सूचना तुरंत फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200 या डायल 112 या फिर स्थानीय पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

No comments :