HEADLINES


More

बच्चे को झांसे में लेकर घर से सोने के आभूषण ठगने वाला गिरफ्तार, फरीदाबाद के तीन अन्य मामलों का भी खुलासा

Posted by : pramod goyal on : Thursday, 30 July 2026 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद: सेक्टर-19 में एक मासूम बच्चे को झांसा देकर घर से सोने के आभूषण ठगने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शिवकुमार उर्फ लखविंदर उर्फ शिव, निवासी हरि करतार कॉलोनी, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। जिसको 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर अपराध शाखा की टीम आगे की कार्रवाई कर रही है।


पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-19 निवासी अर्जुन सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-15 स्थित एक निजी संस्थान में काम करता है और उनकी पत्नी भी एक निजी कंपनी में कार्य करती हैं। 4 जुलाई को घटना के समय उसके दोनों बच्चे घर पर अकेले थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा और बड़े बेटे से कहा कि उसकी मां को पुलिस ने पकड़ लिया है तथा पुलिस घर आने वाली है। उसने यह भी कहा कि उसके पिता ने उसे घर में रखे सभी सोने-चांदी के आभूषण लेने के लिए भेजा है। बच्चा उसकी बातों में आ गया, जिसके बाद आरोपित बच्चे से घर में रखे आभूषणों को लेकर फरार हो गया। शिकायत पर थाना ओल्ड फरीदाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपित से पूछताछ में सामने आया कि वह वारदात से पहले संबंधित क्षेत्र में घूमकर रेकी करता था और यह पता लगाता था कि घर में कौन-कौन रहता है, परिवार के सदस्य क्या कार्य करते हैं तथा किस समय घर खाली रहता है। इसके बाद वह बच्चों या अन्य कमजोर व्यक्तियों को झांसे में लेकर वारदात को अंजाम देता था। इस मामले में भी आरोपित ने पहले रेकी की और घर में बड़े लोगों की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर बच्चों को झूठी कहानी सुनाकर गहने ठग लिये। 

जांच में आरोपित से फरीदाबाद के 3 अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है। उसका पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। गुरुग्राम, गाजियाबाद और दिल्ली में भी इसी प्रकार के 33 मामले दर्ज हैं। वह करीब एक डेढ़ महीने पहले ही गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आया था।


No comments :

Leave a Reply