//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद। ऑनलाइन ट्रेडिंग और घर बैठे कमाई का लालच देकर महिला से ₹90,430 की साइबर ठगी के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने राजस्थान के जयपुर से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान इंद्रमान सैनी (31) निवासी जयपुर के रूप में हुई है। जिसको अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से ₹50,000 सबसे पहले प्रथम लेयर के खाताधारक यश वर्मा के बैंक खाते में पहुंची। इसके बाद यश वर्मा ने ₹49,900 इंद्रमान सैनी के गोल्ड लोन खाते में ट्रांसफर कर दिए। आरोपित ने इस राशि से अपने गोल्ड लोन खाते को टॉप-अप कराया और रकम निकाल ली।
जांच में यह भी पता चला कि इंद्रमान सैनी एम.ए. पास है और जयपुर के एक निजी अस्पताल में सहायक के रूप में कार्यरत है। वहीं उसकी मुलाकात पहले गिरफ्तार किए जा चुके सह-आरोपी यश वर्मा से हुई थी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 7 अप्रैल को इरोज अपार्टमेंट, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसे एक कॉल कर घर बैठे पैसे कमाने का झांसा दिया गया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया, जहां मिंत्रा से सूट्स की तस्वीरें लेकर ग्रुप में भेजने जैसे टास्क दिए गए। शुरुआती भरोसा जीतने के बाद आरोपितों ने प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर महिला से ₹90,430 की ठगी कर ली।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने जयपुर पहुंचकर खाताधारक इंद्रमान सैनी को गिरफ्तार किया है।

No comments :