HEADLINES


More

पॉक्सो के मामले में 7 वर्षों से फरार आरोपी काबू, फरीदाबाद पुलिस के पीओ स्टाफ की कार्रवाई

Posted by : pramod goyal on : Thursday, 30 July 2026 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद, 30 जुलाई। फरीदाबाद पुलिस द्वारा बेल जंपर, उद्घोषित अपराधियों (पीओ) एवं लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत फरीदाबाद पुलिस के पीओ स्टाफ सेक्टर-17 की टीम ने वर्ष 2019 में महिला थाना बल्लभगढ़ में दर्ज पॉक्सो अधिनियम के एक गंभीर मामले में पिछले 7 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को काबू करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।


पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर दास निवासी गुहला, जिला कैथल (हरियाणा) के रूप में हुई है। वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था तथा न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध उद्घोषित अपराधी (पीओ) घोषित किए जाने के बावजूद वह पुलिस गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जून 2019 में महिला थाना बल्लभगढ़ में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ आरोपी ने गलत कार्य किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम एवं भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रहने लगा।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पीओ स्टाफ द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। प्रभारी निरीक्षक समेर सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचना और स्थानीय स्तर पर लगातार पड़ताल की, आरोपी की गतिविधियों का विश्लेषण किया और अंततः सटीक सूचना पर योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस ने उसे काबू करने में सफलता हासिल की है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले 7 वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहा था। वह ड्राइवरी करता था और पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदलता रहता था। इसी कारण लंबे समय तक पुलिस की गिरफ्त से बचा रहा।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


No comments :

Leave a Reply