//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी संपत्ति को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। इसी क्रम में फरीदाबाद पुलिस के एनआईटी जॉन की साइबर सेल ने तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए 7 लाख रुपये से अधिक कीमत के 23 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने में सफलता प्राप्त की है।
डीसीपी एन.आई.टी. उत्तम ने अपने कार्यालय में असल मालिकों को उनके मोबाइल फोन सौंपे हैं। अपने मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनके मोबाइल वापस मिले तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी नागरिकों ने फरीदाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी कार्यशैली और पारदर्शी व्यवस्था की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर सेल द्वारा केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। इसके बाद मोबाइल फोन के IMEI नंबर, डिजिटल ट्रैकिंग, नेटवर्क विश्लेषण एवं अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों की सहायता से विभिन्न स्थानों से गुमशुदा मोबाइल फोन तलाश कर बरामद किए गए। सभी मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सुपुर्द किया गया।
डीसीपी एन.आई.टी. उत्तम ने कहा कि मोबाइल फोन आज प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक आवश्यकता का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग संबंधी विवरण, दस्तावेज एवं अन्य महत्वपूर्ण डाटा सुरक्षित रहता है। इसलिए मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में लापरवाही न बरतें, बल्कि तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल को ट्रैक करने, उसे ब्लॉक करने तथा उसके किसी भी प्रकार के दुरुपयोग को रोका जा सके।

No comments :