HEADLINES


More

NEET-2026 परीक्षा को लेकर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट

Posted by : pramod goyal on : Saturday, 20 June 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

फरीदाबाद: 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला फरीदाबाद में 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होनी निर्धारित है। इस दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा कानून व्यवस्था संबंधी समस्या को रोकने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है।

परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए पुलिस उपायुक्त एनआईटी उत्तम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिनके द्वारा शनिवार को के.एल. मेहता कॉलेज, फरीदाबाद में एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त बल्लभगढ़, तिगांव, सेंट्रल, एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद एवं सराय सहित संबंधित थाना प्रबंधक, पुलिस चौकी प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान डीसीपी एनआईटी उत्तम ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा संबंधी सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करना होगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी परीक्षा प्रारंभ होने से पहले निर्धारित समय  अनुसार अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें तथा किसी भी संभावित समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें तथा उच्च अधिकारियों को सूचित करें। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच एवं फ्रिस्किंग प्रक्रिया को विशेष रूप से गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक परीक्षार्थी की निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सावधानीपूर्वक जांच की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, प्रतिबंधित सामग्री अथवा नकल संबंधी साधनों को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने से रोका जा सके।

डीसीपी उत्तम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध फोटोकॉपी, प्रश्नपत्र अथवा नकल सामग्री के वितरण, परीक्षा की गोपनीयता भंग करने के प्रयास अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचनाएं फैलाने जैसी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित थाना पुलिस को विशेष रूप से अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रबंधकों अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला, लॉज, साइबर कैफे, प्रिंटिंग एवं फोटोकॉपी सेंटरों पर निरंतर निगरानी रखें। इन संस्थानों में ठहरने अथवा आने-जाने वाले व्यक्तियों का सत्यापन एवं वैध दस्तावेजों का रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष चेकिंग की जाये।

डीसीपी एनआईटी उत्तम ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या सुरक्षा में चूक को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी फील्ड में मौजूद रहकर स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे तथा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि परीक्षा के दिन सभी परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी  किये जा चुके हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र होने से रोकने तथा अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।


फरीदाबाद पुलिस ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, परीक्षा से संबंधित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा जानकारी के संबंध में तुरंत डायल 112, फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 999915000, 0129-2227200, यातायात पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0129-2267201या फिर स्थानीय पुलिस को सूचित करें।



No comments :

Leave a Reply