फरीदाबाद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के एसी नगर में रहने वाले 42 वर्षीय मनोज, जो तीन बेटियों के पिता थे और जिनमें से दो बेटियां दिव्यांग हैं, उनका शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में घर से करीब 200 मीटर दूर फुटपाथ पर लहूलुहान अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने एसी नगर मोड़ के पास एक व्यक्ति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देख सूचना पुलिस को दी। कोतवाली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान करवाई, जिसके बाद मृतक की पहचान एसी नगर निवासी मनोज के रूप में हुई। उनके सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून बहा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
मृतक के भांजे पवन ने बताया कि सुबह पुलिस का फोन आने पर वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि उनके मामा का एक कान बुरी तरह कटा हुआ था और सिर के पीछे गहरी चोट लगी हुई थी। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। पवन का कहना है कि आसपास के कुछ लोग इसे सड़क हादसा बता रहे हैं, लेकिन शरीर पर अन्य कोई चोट या घिसटने के निशान नहीं मिले। ऐसे में उन्हें आशंका है कि मनोज की हत्या की गई है।

No comments :