फरीदाबाद के एनआईटी-1 निवासी एक आढ़ती से तरबूज सप्लाई करने का झांसा देकर 2 लाख 30 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराध थाना एनआईटी ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सुदर्शन कुमारनिवासी सी-108, एनआईटी-1, फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी डबुआ सब्जी मंडी में आढ़त की दुकान नंबर 17-18 है। तरबूज खरीदने के लिए उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से मोबाइल नंबर के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम दीपक बताया और तरबूज की फोटो व वीडियो भेजकर माल उपलब्ध होने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने सबसे पहले 10 हजार रुपये टोकन मनी के रूप में मांगे, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने मुनीम के फोन पे अकाउंट से राशि ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपी ने गाड़ी में माल लोड होने की वीडियो भी भेजी। भरोसा होने पर शिकायतकर्ता ने 17 से 19 मई 2026 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 2 लाख 30 हजार रुपये फोनपे के माध्यम से भेज दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने दो ट्रक चालकों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए, जिनसे बातचीत हुई। बाद में दोनों नंबर बंद हो गए और माल भी नहीं पहुंचा। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध थाना एनआईटी ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

No comments :