फरीदाबाद में सीएम फ्लाइंग की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए जीएसटी चोरी के संदेह में 19 कमर्शियल वाहनों को पकड़कर जीएसटी विभाग के हवाले कर दिया। वाहनों में लदे परचून के सामान के दस्तावेजों और बिलों की जांच की जा रही है। अनियमितता मिलने पर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि दिल्ली से परचून और अन्य व्यावसायिक सामान लेकर कई वाहन फरीदाबाद के रास्ते उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाते हैं। आरोप था कि इन वाहनों में लदे सामान के पास पूरे और वैध दस्तावेज नहीं होते, जिससे जीएसटी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए उड़न दस्ते ने सुबह के समय सीकरी नाका पुलिस चौकी के पास विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान कुल 19 कमर्शियल वाहनों को जीएसटी चोरी के संदेह में रोका गया। मौके पर जीएसटी विभाग के अधिकारियों को बुलाकर वाहन ड्राइवरों द्वारा प्रस्तुत बिलों और दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच कराई गई।

No comments :