//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 24 जून। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे साप्ताहिक जागरूकता अभियान के दूसरे दिन सेक्टर-14 पार्क में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, पार्क में कार्यरत कर्मचारियों एवं बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान पार्क में कार्यरत माली एवं वहां उपस्थित बच्चों को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मस्तिष्क, लीवर, किडनी तथा अन्य महत्वपूर्ण अंगों को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। नशे की लत व्यक्ति की कार्यक्षमता, पारिवारिक जीवन एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नष्ट कर देती है।
जागरूकता सत्र में उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। बच्चों को विशेष रूप से प्रेरित किया गया कि वे नशीले पदार्थों से दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें।
इस अवसर पर अशोक काउंसलर, भीम काउंसलर, पूजा त्यागी तथा बीके अस्पताल की टीम ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया और उपस्थित लोगों को नशा मुक्त जीवन के महत्व के बारे में जानकारी दी।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद द्वारा संचालित यह जागरूकता अभियान 30 जून तक विभिन्न स्थानों पर जारी रहेगा, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है।

No comments :