//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद 13 मई - न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर आज सेक्टर 4 स्थित डाईको एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के श्रमिकों ने गेट पर प्रदर्शन किया । फैक्ट्री के सैकड़ो कर्मी 5 मई से हड़ताल पर हैं। इस कंपनी में हौजरी का सामान, शर्ट टी-शर्ट बनाई जाती हैं। कंपनी प्रबंधकों की टाल मटोल की नीति के विरोध में नाराज श्रमिकों ने आज जमकर नारेबाजी की। उन्होंने प्रबंधकों पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया। श्रमिकों ने बताया कि कंपनी के स्टाफ को बढ़ा
हुआ वेतन दे दिया गया है। उनके साथ अन्याय हो रहा है। श्रमिकों की मांगों का सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने समर्थन किया। उन्होंने बताया कि इस कंपनी में 600 से अधिक श्रमिक हैं। इनमें 175 वर्कर पीस रेट पर काम करते हैं। इनको कंपनी के रोल पर दिखा रखा है। इनको डबल ओवर टाइम नहीं मिलता। दिपावली पर बोनस नहीं मिलता है। श्रमिकों को हरियाणा सरकार द्वारा घोषित उच्च कुशल श्रेणी का वेतनमान नहीं मिल रहा है। जबकि श्रम विभाग के अधिकारियों ने सीटू को आश्वासन दिया था। कि फरीदाबाद के तमाम फैक्ट्रीयों की मैनेजमेंट को संशोधित वेतन देने के लिए निर्देश दिए गए हैं। लेकिन इन आदेशों को फैक्ट्री के मालिक लागू नहीं कर रहे हैं। श्रम विभाग के अधिकारी श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं करवा रहे हैं। मैनेजमेंट श्रमिकों का शोषण कर रही है। सीटू फरीदाबाद के औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की मांगों को लागू करवाने के लिए जन जागरण अभियान भी चला रही है।

No comments :