फरीदाबाद जिला नगर निगम द्वारा खराब सड़क निर्माण को लेकर अब सख्ती शुरू हो गई है। निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई घटिया सामग्री को लेकर निगम ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए दो एसडीओ और एक जेई को नोटिस जारी किया है।
मामला शहर की प्रमुख सड़कों से जुड़ा है, जहां हाल ही में बने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की गंभीर खामियां सामने आई हैं। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ सड़कों पर निर्माण मानकों का पालन नहीं किया गया। जिसके चलते सड़कें बनने के कुछ ही दिनों में खराब होने लगी।
सबसे ज्यादा गड़बड़ी बड़खल क्षेत्र में स्थित मॉल ऑफ फरीदाबाद के सामने बनी आरएमसी सड़क में सामने आई। यहां सड़क की सतह असमान पाई गई और फिनिशिंग भी मानकों के अनुरूप नहीं थी, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई। मामले में संबंधित एसडीओ प्रेम से 24 घंटे में जवाब मांगा गया है।
वहीं, एनएचपीसी चौक से बाइपास तक बनाई गई सड़क को भी निरीक्षण के बाद दोबारा तोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग की पुष्टि हुई है। अब यह सड़क ठेकेदार को अपने खर्च पर दोबारा बनानी होगी, साथ ही उस पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।

No comments :