फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार शुक्रवार को राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने गया हुआ था। इसी दौरान चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और सोने-चांदी के आभूषणों समेत नकदी चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब 13 से 14 लाख रुपए बताई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
संजय कॉलोनी निवासी अंजू देवी ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर अपने परिवार के साथ खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए घर से निकली थीं। परिवार रातभर घर से बाहर रहा। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। दरवाजा खुला देखकर परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। जब वे घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से लेकर बेड तक चोरों ने खंगाल दिए थे।
अंजू देवी ने बताया कि चोरों ने घर के तीन से चार कमरों की अच्छी तरह तलाशी ली। अलमारी में रखे कपड़े और अन्य सामान बाहर निकालकर फर्श पर फेंक दिए गए थे। बेड के अंदर रखा सामान भी बाहर निकालकर बिखेर दिया गया था। ऐसा लग रहा था कि चोर काफी समय तक घर के अंदर रहे और आराम से पूरे घर की तलाशी लेते रहे।

No comments :