फरीदाबाद शहर में नगर निगम नए स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए संबधित क्षेत्र के अधिकारियों को सही जगह चिन्हित करने और पहले बनाए गए जोनों का निरीक्षण करने केआदेश जारी किए गए है। निगम द्वारा अभी तक 69 स्ट्रीट वेंडिंग जोन चिन्हित किए जा चुके हैं।
नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि स्ट्रीट वेंडिंग एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में नए जोन बनाने के लिए काम किया जा रहा है। निगम के अधिकारियों को सोमवार तक नए स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित करने के लिए जगह चुनकर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने बताया कि स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित होने के बाद वेंडरों को मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल ,कूड़ा संग्रहण, साफ-सफाई, आदि उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही मुख्य सड़कों पर इधर-उधर खड़े होकर व्यापार करने वाले वेंडरों को निर्धारित स्ट्रीट वेंडिंग जोनों में स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रहे और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कमीश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि शहर में इन वेंडिंग जोन के बन जाने के बाद सड़कों पर व्यापार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वेंडिंग जोन स्थापित करने का सबसे बड़ा मकसद है कि शहर में एक ऐसी व्यवस्था को तैयार करना जिससे शहर की सुंदरता भी बरकरार रहे और व्यापार करने वालों को भी किसी प्रकार की कोई परेशानी नही हो।

No comments :