//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 07 अप्रैल 2026 को ट्रैफिक थाना में फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह मेडिकल कैंप डीसीपी ट्रैफिक जयबीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य यातायात ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित करना तथा उन्हें स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक करना था।
इस मेडिकल कैंप में अमृता हॉस्पिटल के डॉक्टरों की टीम द्वारा ट्रैफिक पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान बीपी, शुगर, ईसीजी, सीबीसी टेस्ट तथा सामान्य स्वास्थ्य परामर्श सहित विभिन्न जांचें की गईं। इस चिकित्सा शिविर में ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
इस अवसर पर एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह, एसएचओ ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनोज कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर (ग्रेटर जोन) सोमबीर, ट्रैफिक इंस्पेक्टर (बल्लभगढ़) कृष्णा, ट्रैफिक थाना स्टाफ, जोनल अधिकारी, चौक इंचार्ज, एसपीओ जवान तथा होमगार्ड जवान उपस्थित रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस कर्मी प्रतिदिन अत्याधिक व्यस्त यातायात ड्यूटी का निर्वहन करते हैं, जिसके चलते उन्हें लंबे समय तक धूप, प्रदूषण और तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है। ऐसे में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें अपनी ड्यूटी बेहतर ढंग से निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। भविष्य में भी पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

No comments :