फरीदाबाद, 13 अप्रैल। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने भाजपा जिला कार्यालय ‘अटल कमल’ पर सोमवार को प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में समान अवसर प्रदान करेगा तथा देश के लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाएगा।
किरण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम उसी सोच का परिणाम है, जिसके तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे देश की आधी आबादी को नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा।
किरण चौधरी ने आगे कहा कि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित कर भाजपा सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह केवल वादों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि ठोस कदम उठाकर उन्हें धरातल पर लागू भी करती है। इस अधिनियम से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज़ को बेहतर तरीके से प्रतिनिधित्व मिलेगा।
किरण चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के लिए अनेकों योजनाएं चलाई और उन्हें धरातल पर भी उतारा। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना और मातृत्व वंदना योजना जैसी पहलों ने महिलाओं के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा प्रदान की गई है।
किरण चौधरी ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, जबकि जन धन योजना ने उन्हें बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। वहीं, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान ने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया है।
किरण चौघरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस वर्षों तक सत्ता में रही, लेकिन महिलाओं को समान अवसर के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया । जबकि भाजपा सरकार ने नारी सशक्तिकरण को केवल नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे एक जन-आंदोलन का रूप दिया।
उन्होंने विश्वास जताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम आने वाले समय में भारतीय राजनीति की तस्वीर बदल देगा। इससे न केवल महिलाओं को नेतृत्व के अवसर मिलेंगे, बल्कि देश के विकास में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावशाली होगी। किरण चौधरी ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।


No comments :