//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद।14 अप्रैल 2026।
शहर के सेक्टर-12 निवासी समाजसेवी, वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक डॉ. मोहन तिवारी ने मंगलवार को डॉ भीम राव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संविधान के प्रति अपनी निष्ठा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर देश के एक प्रमुख न्यायिक परिसर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। उनके द्वारा रचित भारतीय संविधान आज भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है, जो प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता और समान अधिकार प्रदान करता है।
डॉ. मोहन तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में बाबा साहेब के विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने समाज में व्याप्त असमानता और अन्याय को समाप्त करने के लिए उनके सिद्धांतों को अपनाने तथा संविधान के मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामाजिक समरसता, भाईचारे और संविधान की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी पिछले कई वर्षों से संविधान दिवस के अवसर पर हजारों की संख्या में संविधान की प्रतियां वितरित कर चुके हैं। उनके इस सामाजिक योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है, जहां वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें सम्मानित किया।

No comments :