//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास दायमा के कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया
फरीदाबाद। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने भाजपा पर महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण बिल की आड़ में डीलिमिटेशन लागू करने की कोशिश कर रही है, जबकि महिला आरक्षण कानून 2023 में पहले ही पास हो चुका है और कांग्रेस ने उसका समर्थन भी किया था। इसके बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया, जिससे सरकार की नीयत पर सवाल खड़े होते हैं। निशित कटारिया फरीदाबाद युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास दायमा के कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।निशित कटारिया ने कहा कि देश के सामने एक तरह का जादू का खेल चल रहा है, जहां असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अचानक संसद का सत्र बुलाकर जनता का ध्यान अन्य मुद्दों से हटाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि अगर सरकार की मंशा साफ होती तो लोकसभा की 543 सीटों में से 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए तुरंत आरक्षित की जा सकती थीं, लेकिन इसे जनगणना और डीलिमिटेशन से जोड़कर टाल दिया गया।
उन्होंने डीलिमिटेशन को राजनीतिक गणित बदलने का जरिया बताते हुए कहा कि इससे राज्यों की सीटों का संतुलन बदल सकता है और इसका असर प्रतिनिधित्व पर पड़ेगा। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा जातिगत जनगणना के आंकड़ों का इंतजार क्यों नहीं करना चाहती। उनके मुताबिक इससे पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्ग अपने अधिकारों की मांग नहीं कर पाएंगे।
कटारिया ने भाजपा और आरएसएस पर महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व न देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर सरकार सच में महिला सशक्तिकरण चाहती है तो उसे अपने संगठन और टिकट वितरण में भी इसे लागू करना चाहिए।
इस मौके पर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास दायमा ने कहा कि महिला आरक्षण को लागू करने में देरी कर सरकार सिर्फ राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है। अगर नीयत साफ हो तो तुरंत 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाए, न कि इसे भविष्य के वादों में उलझाया जाए।
वहीं, विकास दायमा जिला अध्यक्ष फरीदाबाद शहरी ने कहा कि डीलिमिटेशन के जरिए सीटों का खेल खेला जा रहा है। यह लोकतंत्र और संविधान की भावना के खिलाफ है। कांग्रेस इस तरह की किसी भी चाल का विरोध करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश को इल्यूजन नहीं बल्कि सच्चाई की जरूरत है और जनता अब इन मुद्दों को समझ रही है।
इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से तरुण तेवतिया प्रदेश प्रवक्ता रोहित नागर प्रियंका चंदेलिया प्रदेश सह प्रभारी विधान प्रताप हरीश तंवर इशांत कथूरिया दक्ष कौशिक मौजूद रहे हैं

No comments :