चंडीगढ़ : हरियाणा कांग्रेस में राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई कथित क्रॉस वोटिंग का मामला अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। पार्टी के भीतर मची सियासी हलचल के बीच हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर उसे पार्टी आलाकमान को भेज दिया है। इस बीच प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने बागी तेवर दिखाने वालों को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाते हुए साफ शब्दों में क
हा है कि “कांग्रेस के गद्दारों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पार्टी में अनुशासनहीनता और गद्दारी कतई बर्दाश्त नहीं होगी।”
राव नरेंद्र के इस बयान ने साफ कर दिया है कि प्रदेश कांग्रेस अब इस पूरे प्रकरण को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। पार्टी नेतृत्व इसे केवल क्रॉस वोटिंग का मामला नहीं, बल्कि संगठन के भीतर निष्ठा, अनुशासन और राजनीतिक प्रतिबद्धता की कसौटी के रूप में देख रहा है।
गौरतलब है कि हरियाणा राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध के खिलाफ पार्टी के ही पांच विधायकों पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे थे। जिन विधायकों के नाम इस विवाद में सामने आए, उनमें शैली चौधरी (नारायणगढ़), रेणु बाला (साढ़ौरा), इलियास (पुनहाना), मोहम्मद इजरायल (हथीन) और जरनैल सिंह (रतिया) शामिल हैं। इन आरोपों के सामने आने के बाद हरियाणा कांग्रेस की राजनीति में भूचाल आ गया था। पार्टी के भीतर इस मुद्दे को लेकर लगातार चर्चा रही कि आखिर किस स्तर पर पार्टी लाइन से हटकर मतदान हुआ और इसके पीछे किन राजनीतिक समीकरणों ने काम किया।

No comments :