बल्लभगढ़ के ऊंचा गांव में गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। झगड़े के दौरान एक युवक के सिर पर फावड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को पहले बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीके अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ऊंचा गांव निवासी मुकेश ने बताया कि उसका भाई सोनू जागरणों में साउंड लगाने का काम करता है। शनिवार सुबह सोनू और ड्राइवर मौनू गौशाला के पास राठौर चौक स्थित गोदाम में सामान रख रहे थे। उन्होंने अपनी पिकअप गाड़ी गोदाम के बाहर सड़क के एक किनारे खड़ी की हुई थी, जिससे अन्य वाहनों के निकलने के लिए भी पर्याप्त जगह बची हुई थी।
आरोप है कि पास में रहने वाला देवेन्द्र अपनी वैगनआर कार लेकर वहां से निकल रहा था। उसने पिकअप गाड़ी हटाने को कहा, जिस पर सोनू ने उसे साइड से वाहन निकालने की बात कही। इसी बात को लेकर देवेन्द्र गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और झगड़ा हो गया।
मुकेश के अनुसार, देवेन्द्र ने अपने परिवार के अन्य लोगों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने सोनू और ड्राइवर मौनू के साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़े के दौरान मौनू के सिर पर फावड़े से वार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

No comments :