//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद – फरीदाबाद पुलिस द्वारा लड़ाई-झगड़े व अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। महिला की लज्जा भंग करने तथा उसके परिवारजनों के साथ मारपीट करने के मामले में थाना पल्ला की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान जैकी कुमार निवासी बदरपुर, नई दिल्ली तथा अरुण कुमार निवासी गंगाराम कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-91, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने थाना पल्ला में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 4 मार्च को जैकी ऑटो लेकर उनके घर के सामने आया और ऑटो में तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने लगा तथा गंदे इशारे करने लगा। जब महिला ने उसे ऐसा करने से मना किया तो जैकी व उसके परिवार के सदस्यों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और छेडछाड की। महिला द्वारा शोर मचाने पर उसके परिवारजन मौके पर आ गए, जिसके बाद आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान आरोपी अरुण घर से पिस्टल निकालकर लाया और जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जैकी के जीजा अरुण की शिकायतकर्ता के परिवार के साथ पुरानी रंजिश थी। होली के दिन जैकी अपने जीजा अरुण के घर ऑटो लेकर आया था और गली में तेज आवाज में गाने बजाने लगा। जब शिकायतकर्ता ने उसे ऐसा करने से मना किया तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ व गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर जब शिकायतकर्ता के परिवारजन बाहर आए तो जैकी और अरुण ने उनके साथ मारपीट की तथा पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल, लाठी व लोहे की रॉड बरामद की है। जिनको माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

No comments :