अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब फरीदाबाद शहर में घरेलू गैस सप्लाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइने लगी हुई है। लोग ऑनलाइन बुकिंग नही कर पा रहे है। जिसके चलते भारी संख्या में लोग एजेंसी पहुंच रहे है। दूसरी तरफ कमर्शियल गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लोगों को सिलेंडर नही मिल रहा है।
इसके अलावा लोगों को सिलेंडर बुकिंग के लिए 4 दिन ज्यादा इंतजार करना होगा, क्योंकि गैस एजेंसियों ने सिलेंडर बुकिंग का समय बढ़ा दिया है। पहले जहां उपभोक्ता 21 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते थे, अब उन्हें 25 दिन का इंतजार करना होगा। जिले में करीब 7.5 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जबकि कमर्शियल गैस उपभोक्ताओं की संख्या 50 हजार से ज्यादा बताई जा रही है।
गैस एजेंसियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण लोगों में गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी वजह से सिलेंडर की एडवांस बुकिंग अचानक बढ़ गई है। पहले एक एजेंसी पर रोजाना करीब 500 सिलेंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर लगभग 800 तक पहुंच गई है। ऐसे में बुकिंग के लिए समय बढ़ा दिया गया है।

No comments :