फरीदाबाद नगर निगम की महत्वपूर्ण बैठक 28 मार्च को आयोजित की जाएगी। जिसमें शहर से जुड़े 12 अहम प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान करीब 2250 करोड़ रुपए का बजट प्रस्ताव भी सदन में पेश किया जाएगा। बैठक को शहर के विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, जहां कई बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है।
इससे पहले निगम की प्री-बजट बैठक आयोजित की जा चुकी है। अब मुख्य बैठक में निगम की आय बढ़ाने के उपायों पर विशेष चर्चा होगी। साथ ही पार्षद निधि को लेकर भी एक बड़ा प्रस्ताव रखा जाएगा, जिसके तहत हर पार्षद को अपने वार्ड में विकास कार्यों के लिए हर साल 2 करोड़ रुपए खर्च करने की अनुमति देने की योजना है।
हालांकि पिछले बजट में यह राशि मंजूर होने के बावजूद पार्षदों को नहीं मिल पाई थी।
नगर निगम की आय के सीमित स्रोतों के चलते खर्च और आमदनी में असंतुलन बना हुआ है। इसी को देखते हुए टैक्स संरचना में बदलाव और नए राजस्व स्रोतों को लेकर भी प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे बैठक में पार्षदों के सामने रखा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इसे सरकार के पास भेजा जाएगा।
बैठक में एक अहम प्रस्ताव निजी भूमि पर पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी पेश किया जाएगा। इसके तहत अपनी जमीन पर पार्किंग संचालित करने वाले लोगों को निगम में अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।
इसके अलावा शहर के सामुदायिक भवनों के संचालन को लेकर भी सख्ती की तैयारी है। वर्तमान में अधिकांश सामुदायिक भवन आरडब्ल्यूए द्वारा संचालित किए जा रहे हैं, जिससे निगम को कोई राजस्व नहीं मिल रहा। ऐसे में पार्षद की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने का प्रस्ताव है, जो हर महीने रखरखाव खर्च और आय का लेखा-जोखा तैयार करेगी।
नगर निगम के मेयर प्रवीण बत्रा ने कहा कि यह बैठक शहर के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें बजट के साथ-साथ कई अन्य अहम मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।

No comments :