फरीदाबाद में केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को पूरी तरह बेकार बताते हुए और मनरेगा के नियमों में किए गए बदलाव के विरोध में गुरुवार को फरीदाबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचे और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही है और गरीब व श्रमिक वर्ग के अधिकारों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।
जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय मनरेगा के तहत हर मजदूर को 100 दिन का गारंटीशुदा रोजगार दिया जाता था, जिससे गरीब परिवारों को आर्थिक सहारा मिलता था। लेकिन वर्ष 2014 के बाद भाजपा सरकार आने के बाद इस योजना को धीरे-धीरे खत्म करने का काम किया गया है और मजदूरों के हाथ से रोजगार छीना जा रहा है।

No comments :