फरीदाबाद की नीमका जेल में अयोध्या राम मंदिर पर हमले की साजिश रचने के आरोपी अब्दुल रहमान की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जेल सूत्रों के मुताबिक राम मंदिर को लेकर हुई बहस के चलते अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जट ने सिर में नुकीला पत्थर मारकर उसकी हत्या की थी। जिस समय हत्या को अंजाम दिया गया, उस समय अब्दुल गहरी नींद में था।
नुकीला पत्थर लगने पर वह चिल्लाया तो सिक्योरिटी बैरक में बंद तीसरे कैदी शोएब रियाज की भी आंख खुल गई। तब अरूण, अब्दुल रहमान पर लगातार वार पर वार किए जा रहा था। उसके सिर से खून की धारा फूट रही थी। डर के मारे रियाज ने शोर मचा दिया। इसके बाद घायल रहमान को जेल के अस्पताल में लेकर जाया गया, जहां डाक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया।
15 दिन पहले ही तीनों को एक साथ सिक्योरिटी बैरक में लाया गया था। दस दिन से दोनों के बीच अपने-अपने धर्म को लेकर कहासुनी हो रही थी। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में अरुण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके अलावा हत्यारोपी अरुण चौधरी के बारे में भी चौंकाने वाली बात बताई। पता चला चला कि वह जम्मू जिले के सांबा के अक्षय शर्मा हत्याकांड में शामिल था। गैंगवार में हुई इस हत्या में अरुण सहित चार आरोपी शामिल थे। हत्या के बाद ये चारों अक्षय शर्मा का हाथ काटकर ले गए थे।
उधर, इस मामले में सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े महेंद्र डेलाना के नाम से एक कथित पोस्ट डाली है, जिसमें आरोपी अरुण चौधरी का समर्थन और जिम्मेदारी लेने जैसा दावा किया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि जो भी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होगा, उसका यहीं अंजाम होगा।

No comments :