फरीदाबाद में सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन (HCMSA) के डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर आज से दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल की वजह से सिविल अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में ओपीडी सेवाएं कुछ देर के लिए प्रभावित रहीं।
सुबह से अस्पतालों में मरीज तो पहुंचे, लेकिन डॉक्टर न मिलने पर उन्हें कुछ परेशानी हुई। अस्पताल में आये मरीजों को OPD की पर्ची बनवाने करीब 1 घंटे तक लंबी लाइनों में लगना पड़ा। ओपीडी में डॉक्टर के होने की वजह से मरीजों को डॉक्टर का इंतजार करना पड़ा। वहीं हड़ताली डॉक्टरों ने ओपीडी के बाहर खड़े होकर अपना विरोध जताया।
हड़ताल कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही, इसलिए मजबूर होकर हड़ताल का फैसला किया गया। एसोसिएशन ने सरकार के सामने दो मांगें रखी थीं। पहली मांग थी कि सीएमओ की सीधी भर्ती पर रोक लगाई जाए।
इस पर सरकार ने सहमति तो जताई, लेकिन दूसरी और सबसे महत्वपूर्ण मांग एसीपी (ACP) बढ़ोतरी पर कोई फैसला नहीं हुआ। डॉक्टरों का कहना है कि मौजूदा ग्रेड पे काफी कम है और अन्य कैडर की तुलना में उन्हें कम वेतन मिलता है, जबकि उन पर मरीजों का भारी दबाव रहता है।
डॉक्टरों की मांग है कि 10 साल पर मिलने वाला 7600 ग्रेड पे बढ़ाकर 8000 किया जाए और तीसरी एसीपी में 8700 की जगह 9500 ग्रेड पे दिया जाए। उनका कहना है कि यदि वेतन ढांचा सुधरेगा तो डॉक्टर ज्यादा मन लगाकर काम कर सकेंगे और असंतोष भी कम होगा।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेश आर्य ने बताया कि सरकार और अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सिर्फ SMO की सीधी भर्ती पर रोक लगाने पर सहमति बनी, लेकिन एसीपी पर कोई समाधान न मिलने की वजह से यह हड़ताल करनी पड़ी।

No comments :