बल्लभगढ़ में NEET की परीक्षा में रैंकिंग सुधार के नाम पर 16.50 लाख की ठगी करने के मामले में साइबर थाना की टीम ने उड़ीसा से एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पीजी में वार्डन का काम करती है और अपना खाता ठगों को दिया हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर 3 की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि साल 2024 में उसके पास एक अनजान नंबर से काल आया था। उसी समय उसकी बेटी ने (National Eligibility cum Entrance Test) NEET की परीक्षा दी थी। जिसके रिजल्ट आने का वह लोग इंतजार कर रहे थे। कॉल करने वाले ने उसकी बेटी की रैंकिंग में सुधार का दावा किया।
महिला ने बताया कि कॉल करने वाले ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई लोगों की रैंकिंग ठीक कराई है। जिसके बाद लगातार उनकी कॉल पर बात चलती रही। ठगों ने भरोसा दिलाने के लिए कुछ नकली कागजात बनाकर महिला के पास भेज दिया। कॉल करने वाले ने उनसे 17 लाख रूपए की मांग की। महिला ने उसके द्वारा बताए गए खाते में 16.50 लाख रूपए ट्रांसफर करा दिए।
महिला ने बताया कि जब उन्होंने राशि भेज दी, तो ठगों ने उसका कॉल उठाना बंद कर दिया। जिसके बाद महिला को पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई है। जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस को कर दी।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। साइबर पुलिस ने उड़ीसा के भुवनेश्वर से आरोपी महिला शांति देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि महिला 12वीं पास है और उड़ीसा में एक PG में वॉर्डन का काम करती है। जांच में सामने आया है, महिला के जिस खाते में पैसे आए थे, वो उसने ठगों को दे रखा था। पुलिस ने महिला को कोर्ट में पेश किया। जहां से 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

No comments :