फरीदाबाद 2 दिसम्बर : भाजपा जिला कार्यालय पर आत्मनिर्भर भारत के तहत आयोजित महिला सम्मलेन में बोलते हुए जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं का योगदान अमूल्य है। भारत के हर कोने में महिलाएँ घर-घर में स्वदेशी उत्पाद बनाकर न सिर्फ आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि देश का मान-सम्मान भी बढ़ा रही हैं और आर्थिक सशक्तिकरण भी कर रही है । उन्होंने प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वगुरु और विकसित भारत का सपना साकार करने का मार्ग स्वदेशी से होकर गुजरता है। कोविड काल में भारत ने आपदा को अवसर में बदलते हुए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की और वे उत्पाद भी देश में बनने लगे जिनके लिए हम पहले विदेशों पर निर्भर थे। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे स्वदेशी उत्पादन की दिशा में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएँ और देश को आत्मनिर्भर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
भारतीय जनता पार्टी फरीदाबाद द्वारा आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत एक भव्य महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न सेल्फ हेल्प ग्रुप, एनजीओ, और सामाजिक संगठनों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य महिला शक्ति को आत्मनिर्भरता, स्वदेशी उत्पादों के संवर्धन, और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना था। महिला सम्मलेन में जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष राजबाला सरदाना, महिला मोर्चा सोशल मीडिया राष्ट्रीय संयोजिका टीना बैंटिक, आत्मनिर्भर भारत की लोकसभा संयोजिका अनीता शर्मा, जिला संयोजिका सीमा भारद्वाज मुख्य तौर पर उपस्थित रहे । इस अवसर पर उपस्थित सभी ने स्वदेशी अपनाने और स्वदेशी का प्रचार प्रसार करने की शपथ ली ।


No comments :