फरीदाबाद में आज नगर निगम कर्मचारियों ने वेतन बढ़ोतरी के लिए हरियाणा सरकार की वायदा खिलाफी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए बल्लभगढ़ की तहसीलदार भूमिका लाम्बा को ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि ठेका प्रथा को समाप्त किया जाए और सफाई कर्मचारियों को नियमित कर पक्की भर्ती की जाए ताकि उन्हें स्थायी रोजगार मिल सके। कर्मचारियों ने सेक्टर-12 स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय पर तहसीलदार से मांग की कि उनका ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए।
- सभा को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि हरियाणा सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ भेदभाव कर रही है। सरकार ने सफाई कर्मचारियों का वेतन 27 हजार रुपये बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन वास्तव में केवल 2100 रुपये का लाभ दिया गया है। इसका हल निकाला जाए।
प्रधान ने आगे कहा कि इस धोखाधड़ी से सफाई कर्मचारियों में मुख्यमंत्री और सरकार के प्रति गहरी नाराजगी है। शास्त्री ने यह भी याद दिलाया कि 29 जून को निकाय मंत्री ने पालिका, परिषद, निगम और अग्निशमन विभाग के हजारों कर्मचारियों से एक सप्ताह में बैठक कर मांगों का समाधान करने का वायदा किया था, लेकिन अब तक कोई बैठक नहीं की गई।
शास्त्री ने घोषणा की कि 6 अक्टूबर को महर्षि गुरु वाल्मीकि जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास, कुरुक्षेत्र पर महा रैली निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि रैली से पहले सरकार ने मांगों का समाधान नहीं किया तो रैली स्थल से ही बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कर्मचारी हुडा कार्यालय के सामने एकत्रित हुए और वहां विशाल कर्मचारी सभा का आयोजन किया गया। यह सभा नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के जिला प्रधान दिलीप सिंह बहोत की अध्यक्षता में हुई, जबकि संचालन जिला सचिव अनिल चंडालिया ने किया।
सभा और प्रदर्शन में राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, राज्य उप महासचिव सुनील चंडालिया, राज्य सचिव अनुप वाल्मीकि, राज्य उपाध्यक्ष कमला देवी, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह, सचिव महेंद्र कुड़िया, जितेंद्र छाबड़ा, वाटर सप्लाई यूनियन के प्रधान देवी चरण, सैनिटेशन यूनियन के प्रधान शिवकुमार, बेलदार यूनियन के नेता जीतराम गोला, राम रतन कर्दम और महिला सब-कमेटी की राज्य नेता सुरेश देवी व ललिता सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी नेता मौजूद रहे।

No comments :