फरीदाबाद में दिल्ली-मुंबई-बड़ोदरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लाइन पर देर रात हुए हादसे में खेड़ी थाने में तैनात एसपीओ की मौत हो गई। स्कूटी पर सवार होकर ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे एसपीओ को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। स्कूटी के कार में फंसने और दूर तक घसीटे जाने के कारण स्कूटी में भी आग लग गई।
मृतक की पहचान खेड़ी थाना में तैनात एसपीओ ईतेंद्र प्रसाद (40) के रुप में हुई। हादसा रात करीब 1:30 बजे एत्मादपुर पुल के पास हुआ। ईतेंद्र अपनी ड्यूटी खत्म कर इलेक्ट्रिक स्कूटी से मोडबंद, बदरपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। ईतेंद्र मूल रुप से उत्तराखंड के रहने वाले थे।
जैसे ही वे यू-टर्न कट पर पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईतेंद्र कार के अगले हिस्से में फंस गए और कार डिवाइडर से टकराते हुए ग्रिल में जा भिड़ी। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई, वहीं कुछ देर बाद उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-31 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक के भाई जितेंद्र ने बयान दर्ज कराए, जिसके आधार पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे डिटेन कर लिया है।

No comments :