फरीदाबाद के अरावली क्षेत्र में बने पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना के फार्महाउस पर बुलडोजर चलाया गया। फार्महाउस की चारदीवारी सहित कई कमरों को तोड़ दिया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अरावली वन क्षेत्र में यह कार्रवाई की जा रही है। निर्माण ध्वस्त करने के लिए मौके पर दस बुलडोजर, भारी पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। विरोध की स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन की भी व्यवस्था की गई थी। कार्रवाई के दौरान मीडिया को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
बता दें कि, 16 जून को वन विभाग की टीम ने पानीपत के समालखा से विधायक और पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना के बेटे मनमोहन का फार्महाउस तोड़ दिया था। उस समय मनमोहन भड़ाना ने कहा था कि यह करीब 40 साल पुराना फार्महाउस था। उन्होंने कहा- मैं पहले भी यहीं बैठता था, लेकिन गेहूं के साथ घुन पिसता है। लोगों के बीच चर्चाएं थीं कि विधायक का फार्महाउस बच जाएगा, बाकी सभी को गिराया जाएगा। इसके बाद कोर्ट से एक आदेश जारी हुआ, जिसमें सभी के कब्जे गिराए जाने संबंधित आदेश थे।
अरावली वन क्षेत्र में बसे गांव अनंगपुर में तोड़फोड़ को लेकर पिछले कई दिनों से विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। इसे लेकर 13 जुलाई को एक महापंचायत भी बुलाई गई है। इसी विरोध के बीच नगर निगम और वन विभाग की टीम बुलडोजर लेकर पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना के फार्महाउस पर पहुंची। पहले फार्महाउस की चार दीवारी को तोड़ा गया और फिर अंदर बने कई कमरों को भी ध्वस्त कर दिया गया।

No comments :