//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद 8 जुलाई - केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आवाहन पर कल 9 जुलाई को होने वाली हड़ताल अभूतपूर्व होगी। हड़ताल के दिन सभी मजदूर और कर्मचारी बादशाह खान नगर निगम चौक में एकत्रित होंगे। यहां से जुलूस लेकर नीलम से होकर अजरोंदा से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पर जाएंगे।इस हड़ताल में सभी कारखानों के श्रमिक, बैंक, बीमा , परिवहन, दूरसंचार, रेलवेकर्मी, सहित देश के कोयला खदानों में काम करने वाले सभी श्रेणी के श्रमिक भाग लेंगे। यह जानकारी जॉइंट ट्रेड
यूनियन काउंसिल के कन्वीनर वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने दी। उन्होंने बताया कि इस हड़ताल को सफल बनाने के लिए एटक, इंटक,एच एम एस, सीटू, बैंक इंप्लाइज यूनियन, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा सहित इक्टू के श्रमिक ने पूरी ताकत झोंक दी है। गत रात्रि को फरीदाबाद में भारी बारिश होने के बावजूद भी हड़ताल को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाइयां हो रही है। आज हड़ताल का प्रचार प्रसार ऑटो रिक्शा में माइक लगाकर किया जा रहा है। इसके लिए सेक्टर 24 सेक्टर 25 सेक्टर 58, सेक्टर 6, ओल्ड फरीदाबाद, डीएलएफ इंडस्ट्रियल एरिया, सहित सेक्टर 12 श्रम विभाग, उपायुक्त कार्यालय, बादशाह खान अस्पताल, नगर निगम, रेलवे, सेक्टर 4 के केंद्रीय कार्यालयों और आईएमटी इंडस्ट्रियल एरिया, बसेलुवा कालोनी में प्रचार किया जा रहा है।एटक के वर्किंग प्रेजिडेंट विशम्बर सिंह, इंटक के प्रेसिडेंट हुकुमचंद बेनीवाल, हिंद मजदूर सभा के राजपाल सिंह दांगी,सीटू के प्रधान निरंतर पाराशर, वाइस प्रेसिडेंट कामरेड शिवप्रसाद, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान करतार सिंह जागलान, आईसीटीयू के कामरेड जवाहरलाल, बैंक यूनियन के कामरेड कृपाराम शर्मा ने बताया कि भाजपा ने 5 साल पहले पूंजीपतियों के हित में मजदूर विरोधी श्रम संहिताएं पारित कर दी थी। अब इनको लागू करने की कोशिश की जा रही है। यदि ये कानून लागू हो गए। तो मजदूर गुलामों जैसी जिंदगी जीने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इनके लागू होने से काम के घंटे 8 से बढ़कर 12 हो जाएंगे। समान काम के लिए समान वेतन नहीं मिलेगा। परियोजना कर्मचारी व कच्चे कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन, पक्की नौकरी, सामाजिक सुरक्षा की मांग करना ही बेमानी हो जाएगी। चारों श्रम संहिताओं के लागू होने से हड़ताल एवं आंदोलन पर जाने का अधिकार छीन लिया जाएगा। महंगाई लगातार बढ़ रही है। सरकारी विभागों में नौकरियों पर रोक लगा दी गई है। अलग-अलग नामों से अस्थाई कर्मचारियों से काम लेकर उनकी मेहनत की भयंकर लूट हो रही है। जन सेवाओं के सभी विभागों का लगातार निजीकरण हो रहा है। जॉइंट ट्रेड यूनियन काउंसिल ने फरीदाबाद में रोजाना की समस्याओं को भी अपने मांग पत्र में शामिल किया है। आज फरीदाबाद में बरसों से बसी हुई कॉलोनीवासियों को उजाड़ने की कारवाइयां तेजी से हो रही है। जॉइंट ट्रेड यूनियन काउंसिल ने नेहरू कॉलोनी के 8000 से अधिक मकानों को तहसीलदार पुनर्वास द्वारा 10 जुलाई तक तोड़ने के नोटिस देने की कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के बाद इन कॉलोनी वासियों के समर्थन में आंदोलन की घोषणा की जाएगी। इसके अलावा कई कालोनियों में स्वच्छ पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। सीवरेज का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। सड़कों की दुर्दशा हो रही है। गहरे खड्डे बने हुए हैं। थोड़ी सी बारिश में सड़कों पर पानी भर जाता है। उसकी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो रही है। आम लोगों को अपने परिवार पहचान पत्र वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन,आधार कार्ड को पैन कार्ड से लिंक करने सहित अन्य सरकारी दस्तावेजों को बनाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन सभी समस्याओं पर प्रशासन से ध्यान देने की मांग की है। ताकि जनता को तकलीफ ना हो।
No comments :