//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद जिले के नीलम बाटा रोड पर सड़क के बीचों-बीच वर्षों से बनी अवैध मजार को नगर निगम ने आज जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत की गई है, जिसमें सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए धार्मिक ढांचों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम फरीदाबाद के वकील सतीश आचार्य ने बताया कि यह मजार करीब 25 से 30 साल पुरानी थी और इसे सड़क के बीच में अवैध रूप से बनाया गया था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार नगर निगम में शिकायत की गई थी कि यह मजार न सिर्फ ट्रैफिक में बाधा बनती है, बल्कि यह सरकारी जमीन पर नियमों के खिलाफ बनाई गई है।
नगर निगम ने मजार की देखरेख करने वाले संबंधित पक्ष को कई बार नोटिस जारी किए थे। पिछले महीने और फिर एक सप्ताह पहले भी मजार हटाने के नोटिस दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते नगर निगम को मजबूर होकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत आज यह कदम उठाना पड़ा।
नगर निगम की टीम आज सुबह जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और पुलिस बल की मौजूदगी में मजार को ध्वस्त कर दिया गया।
No comments :