फरीदाबाद में आगरा नहर के पास मवई गांव के इलाके में सूटकेस में महिला की अर्धनग्न सिर कटी लाश मिली। महिला के कातिल का तो अभी पता नहीं चल पाया है। लेकिन कातिल ने प्लानिंग के तहत लाश को सूटकेस में बंद कर कूड़े के ढेर में फेंका। जिस जगह पर सूटकेस मिला था, वह जगह उत्तर प्रदेश सरकार के कंट्रोल में है।
4 मार्च को करीब 1 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव मवई के पास आगरा नहर किनारे जंगल में सूटकेस पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर जाकर सूटकेस को खोला, तो उसमें से एक महिला की लाश बरामद हुई। जिसका सिर नहीं था।
पुलिस को सूटकेस की सूचना राजबीर नामक राहगीर ने दी थी, राजबीर कंपनी से घर जा रहा था। उसने कूड़े के ढेर में पड़े सूटकेस को देखा और पुलिस होमगार्ड को सूचित कर दिया। जसवीर होमगार्ड ने मामले की सूचना पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि पहले महिला के साथ मारपीट की गई और फिर चाकू से उसका गला काटा गया है। महिला की उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। महिला के शरीर पर केवल अंडर गारमेंट्स मिले थे। महिला के हाथ पैर रस्सी से बांधे हुए थे, पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या करीब 6 दिन पहले की गई थी।
कातिल ने प्लानिंग के साथ महिला का सर काटकर महिला की लाश को सूटकेस में बंद करके नहर के किनारे जंगल में फेंका है। लाश की पहचान न हो इसके लिए कातिल ने महिला का सिर काटकर अलग किया और लाश को कूड़े के ढेर में फेंक दिया। जिस जगह पर सूटकेस फेंका गया वहां पर भारी मात्रा में कूड़ा डाला जाता है, कातिल ने सोचा था कि कूड़े में सूटकेस पर किसी की नजर नहीं पड़ेगी। पुलिस ने महिला की लाश मिलने के बाद कई किलोमीटर तक आगरा नहर के किनारे जंगल में महिला के सिर की तलाश की, लेकिन पुलिस को महिला का सिर नहीं मिला है। जिस कारण पुलिस महिला की पहचान नहीं कर पाई है।
फरीदाबाद डीसीपी सेंट्रल उषा ने बताया कि पुलिस इस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। पिछले एक हफ्ते में महिलाओं व युवतियों के गुमशुदा होने और घर से भाग जाने के सभी मामलों की जांच की जा रही है। उस इलाके में जहां भी सीसीटीवी लगे हैं, उनका रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है। सबसे पहले पुलिस महिला की शिनाख्त को लेकर काम कर रही है।
No comments :