फरीदाबाद में नगर निगम मेयर पद की उम्मीदवार लता चंदीला के नामांकन में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान और नूहं से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद पहुंचे। उदयभान ने बयान देते हुए कहा कि हरियाणा में निकाय चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत होगी। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस एक साथ होकर इस चुनाव को लड़ रही है।
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के नेताओं के द्वारा किए गए भ्रष्टाचार को अच्छी तरह से जान चुकी है। भाजपा अपनी हार से इतनी डरी हुई है, कि 3 सालों से नगर निगम के चुनाव नहीं करवाए। फरीदाबाद की नगर निगम में 200 करोड़ का घोटाला भाजपा के मंत्रियों की नाक के नीचे हो गया। लेकिन किसी ने जनता की कोई आवाज नहीं उठाई। आज फरीदाबाद की जनता इन नेताओं से सवाल पूछ रही है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में कांग्रेस पार्टी के सभी नेता सम्मिलित होकर चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी के सभी नेता से लेकर कार्यकर्ता तक इस चुनाव में शामिल रहेंगे। कांग्रेस में किसी प्रकार की कोई गुटबाजी नहीं है। निकाय में जीत होने पर फरीदाबाद शहर के विकास कार्यों को तेजी के साथ करवाया जाएगा।
No comments :