हरियाणा की BJP सरकार के मंत्री कर्मचारियों की ट्रांसफर की पावर देने के लिए CM नायब सैनी से मिले। उन्होंने कहा कि उन्हें भी ग्रुप B कर्मचारियों तक ट्रांसफर के के अधिकार दिए जाएं। प्रदेश सरकार में 11 कैबिनेट और 2 राज्य मंत्री हैं।
फिलहाल मंत्रियों को प्रदेश में दर्जा 4 कर्मचारी बदलने का भी अधिकार नहीं है। सारे तबादले CM ऑफिस से ही होते हैं। जिसके लिए मुख्यमंत्री ऑफिस (CMO) में अलग से OSD लगाया गया है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों ने न केवल पूरी मजबूती से अपनी मांग रखी, बल्कि हर ट्रांसफर के लिए मुख्यमंत्री से पूछने और OSD के फैसले को लेकर नाराजगी भी जताई है। जिसके बाद CM भी असमंजस में हैं। इसलिए उन्होंने मंत्रियों को इस पर कोई आश्वासन भी नहीं दिया।
CMO से जुड़े सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों ने सीएम को कहा कि उन्हें किसी कर्मचारी के तबादले को लेकर एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ता है। सारे तबादले का अधिकार OSD के पास है। उन्हें मुख्यमंत्री से पूछना पड़ता है। ऐसी सूरत में तबादलों में देरी हो जाती है। विधायकों को भी यही दिक्कत आ रही है। ऐसे में उनके अधिकारों के प्रति गलत मैसेज जा रहा है।
No comments :