फरीदाबाद। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को फरीदाबाद विधानसभा से हरियाणा में बदलाव की हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र
फरीदाबाद में दिख रहा लोगों का जनाक्रोश बता रहा है कि हरियाणा से भाजपा सरकार जा रही है और कांग्रेस आ रही है। लोग समझ चुके है कि इस सरकार से वोट की चोट से पीछा छुड़ाने का अब सही समय आ गया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह एकजुट हो भाजपा सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए प्रचार और प्रसार में जुट जाए। श्री हुड्डा रविवार को सेक्टर-12 स्थित ग्राउंड में आयोजित ‘जन-आक्रोश रैली’ को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। रैली की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान ने की, जबकि राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने रैली को संबोधित करते हुए फरीदाबाद की बदहाली पर भाजपा सरकार पर जमकर वार किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में विश्वस्तर पर अपनी पहचान रखने वाला फरीदाबाद आज भाजपा सरकार में एक तरह से फकीराबाद कहलाने लगा है, विकास के नाम पर यहां शून्य ही दिखाई देता है, जो भी विकास परियोजनाएं है, वह भी हमारे कांग्रेस शासन की ही देन है। अगर फिर से फरीदाबाद को वही पुराना स्वरूप लौटाना है तो फिर से कांग्रेस को लाना होगा, कांग्रेस सरकार बनते ही पहली कलम से फरीदाबाद का चहुंमुखी विकास ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने प्रदेश की चरमराई कानून-व्यवस्था का जिक्रकरते हुए कहा कि आज हर व्यक्ति परेशान है। कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। हरियाणा के बारे में किसी को कुछ बताने की जरूरत नहीं है। लोग खुद भुगतभोगी हैं और परेशानी झेल रहे हैं। ऐसा कोई दिन नहीं बीतता जब कत्ल न हो, लूट, फिरौती की धमकी न मिलती हो। केंद्र सरकार के आंकड़े बता रहे कि पिछले 9 साल में हरियाणा सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। आज ही सुबह सोनीपत के मुरथल में एक व्यक्ति की गोलियां मारकर हत्या की जानकारी मिली। इस प्रकार की खबरें रोज आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जो हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, नौकरी देने में, कानून व्यवस्था में नंबर एक पर था वो आज पूरे देश में बेरोजगारी, महंगाई, अपराध में नंबर एक पर है। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में 2 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं। उन्होंने सरकार को चुनौती दी कि 10 साल में इस सरकार ने फरीदाबाद में कोई एक काम किया हो तो बता दे। यहाँ हजारों छोट-बड़े कारखाने बंद हो चुके हैं। स्कूलों में मास्टर नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं और दफ्तरों में कर्मचारी नहीं हैं। हुड्डा ने कहा कि चुनाव के बाद प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनेगी और प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने पर 6000 रुपये महीने बुढ़ापा पेंशन देंगे। हर परिवार को महीने में 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। महंगाई से राहत के लिए रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में देंगे। खाली पड़े 2 लाख सरकारी पदों पर पक्की भर्ती शुरु करेंगे, सफाई कर्मचारियों को पक्का करेंगे। 100-100 गज मुफ्त प्लाट की योजना दोबारा शुरु करेंगे और उस पर 2 कमरों का मकान बनवाने के लिये सरकारी मदद देंगे। बैकवर्ड क्लास की क्रीमी लेयर आय सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 10 लाख करेंगे। हर गरीब का पीला कार्ड बनवायेंगे। खिलाडिय़ों के लिए पदक लाओ, पद पाओ योजना फिर से लागू करेंगे। प्रदेश को नशामुक्त बनायेंगे। जनविरोधी पोर्टल बंद करेंगे। सरकारी कर्मचारियों के लिये ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेंगे। हरियाणा को फिर से नंबर 1 बनायेंगे फरीदाबाद को आगे लेकर जायेंगे।
No comments :