//# Adsense Code Here #//
नई दिल्ली. दिल्ली सरकार महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सौगात देने वाली है। इसके लिए गुलाबी रंग के विशेष टिकट छपवाए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इन विशेष टिकटों के पीछे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का फोटो छपेगा। इस पर आपत्ति जताते हुए भाजपा ने उप राज्यपाल से शिकायत की है। इसके जवाब में आम आदमी पार्टी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के बैनरों में प्रधानमंत्री मोदी की फोटो लगी होती है, इसकी भी शिकायत करना चाहिए।
29 अक्टूबर से दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए डीटीसी बसों में फ्री यात्रा की सुविधा देगी। डीटीसी और क्लस्टर बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को गुलाबी रंग का फ्री ट्रैवल पास दिया जाएगा। दिल्ली सरकार डीटीसी को प्रत्येक पास पर 10 रुपए का भुगतान करेगी। इसी फ्री पास के पीछे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की फोटो छपेगी।
इधर, भाजपा विधायक के नेतृत्व में पार्टी के सभी विधायकों ने उप राज्यपाल अनिल बैजल से मिलकर बस पास पर केजरीवाल की फोटो लगाए जाने पर आपत्ति जताई है। भाजपा का कहना है कि बस टिकटों पर फोटो छापकर आम आदमी पार्टी सरकारी खर्चे पर चुनाव प्रचार करना चाहती है। उन्होंने उप राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उप राज्यपाल ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

No comments :