हरियाणा में 1 अप्रैल से
कलेक्टर रेट बढ़ने से प्रदेश में घर-जमीन-फ्लैट खरीदना महंगा होगा। सभी जिलों में 15 से 75% तक कलेक्टर रेट बढ़े हैं।
सरकार का कहना है कि जिन इलाकों में बाजार मूल्य तेजी से बढ़ा और रजिस्ट्रियों की संख्या ज्यादा रही, वहां नए सिरे से मूल्यांकन कर दरें तय की गई हैं। प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री महंगी हो जाएगी। नए रेट अपलोड न होने से पहले दिन जिलों में रजिस्ट्रियां प्रभावित हुई हैं। आज पहले कट चुके टोकन पर पुराने रेटों पर ही रजिस्ट्री हो रही हैं। आज के बाद कटने वाले टोकन पर नए रेट पर रजिस्ट्री होंगी।
गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस-वे से सटे बजघेड़ा गांव में कलेक्टर रेट में 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यहां कृषि भूमि का नया रेट सात करोड़ 53 लाख 25 हजार प्रति एकड़ होगा। अभी यहां चार करोड़ 30 लाख 30 हजार रुपए एकड़ के हिसाब से रजिस्ट्रियां हो रही हैं।
पलवल में एक लड़के ने अपनी ही मां पर फोन चोरी करने की FIR दर्ज करा दी। लड़का 12वीं क्लास का एग्जाम देने स्कूल आया था। आरोप है कि स्कूल के बाहर खड़ी स्कूटी की डिग्गी से उसकी मां फोन निकालकर ले गई।
यह पूरी घटना स्कूल के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। हथीन गेट चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
लड़के के पिता डॉ मनीष गर्ग हथीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO) हैं। मनीष का अपनी पत्नी चारू के साथ विवाद चल रहा है। लड़का अपने दादा के पास रहता है।
कॉलोनी निवासी हितेश गर्ग ने हथीन गेट चौकी को शिकायत देकर बताया कि मैं 12वीं कक्षा का छात्र हूं। 12 मार्च को मेरा इंग्लिश का पेपर था। मैं अपने दादा कृष्ण चंद की स्कूटी लेकर एक स्कूल में गया था। पेपर शुरू होने से पहले मैंने अपना मोबाइल स्कूटी की डिग्गी में रख दिया।
हितेश ने आगे बताया कि जब मैं पेपर देकर स्कूल से बाहर आया तो मुझे स्कूटी की डिग्गी में मेरा मोबाइल नहीं मिला। मैंने स्कूल में लगे CCTV कैमरों की जांच की तो पता चला कि मेरी मम्मी चारू गर्ग मेरा फोन स्कूटी की डिग्गी खोलकर चोरी कर ले गई।
हरियाणा में नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर चलना आज से महंगा हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल रेट बढ़ा दिए हैं। सिंगल से डबल ट्रिप में 5 रुपए से 35 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर बजघेड़ा टोल प्लाजा सबसे महंगा है। यहां सिंगल ट्रिप के 225 रुपए देने होंगे।
हिसार के चौधरीवास टोल प्लाजा पर कार ड्राइवरों को अब ₹5 और बाडोपट्टी टोल पर ₹10 अधिक चुकाने होंगे। वहीं करनाल के बसताड़ा टोल से गुजरने वाले वाहन चालकों को सिंगल जर्नी पर 5 से 30 रुपए एक्स्ट्रा देने होंगे। रेवाड़ी के गंगायचा टोल प्लाजा पर हैवी व्हीकल की डबल ट्रिप के 5 रुपए बढ़ाए गए हैं। 7 एक्सल तक के व्हीकल की बात करें तो इनमें 265 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है।
हरियाणा में ‘कच्ची पर्ची’ व्यवस्था पर रोक, हाईकोर्ट में जनहित याचिका के बाद सरकार सख्त हो गई है। पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के दखल के बाद हरियाणा की अनाज मंडियों में किसानों को दी जाने वाली ‘कच्ची पर्ची’ व्यवस्था पर आखिरकार रोक लग गई है। इसको लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई थी।
यह जनहित याचिका डॉ. वीरेंद्र सिंह लाठर, पूर्व मुख्य वैज्ञानिक, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, ने अपने अधिवक्ता प्रदीप रापड़िया के माध्यम से दायर की थी। याचिका में हरियाणा की मंडियों में प्रचलित ‘कच्ची पर्ची’ प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे तुरंत बंद करने की मांग की गई थी।
मामले की सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने हरियाणा सरकार को निर्देश दिया था कि वह 30 दिनों के भीतर शिकायत पर स्पष्ट और ठोस आदेश जारी करे। कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार, 1 अप्रैल को राज्य सरकार ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए सभी मार्केट कमेटियों के सचिवों को सख्त निर्देश जारी किए।
सरकार द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी आढ़ती किसान को ‘कच्ची पर्ची’ जारी नहीं करेगा। इसके स्थान पर फसल खरीद के बाद अनिवार्य रूप से ‘जे-फॉर्म’ ही किसान को दिया जाएगा, जिससे लेन-देन में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
फरीदाबाद, 01 अप्रैल। केएलपी कॉलेज रेवाड़ी के मीडिया विद्यार्थियों ने जे.सी.बोस विश्वविद्यालय वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस विजिट के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के अत्याधुनिक डिजिटल स्टूडियो का अवलोकन किया। यहाँ उन्हें मल्टी-कैमरा सेटअप, लाइटिंग अरेंजमेंट और टेलीप्रॉम्प्टर के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि एक न्यूज़ बुलेटिन के पीछे का तकनीकी ढांचा कैसे काम करता है। स्टूडियो के साथ-साथ विद्यार्थियों ने ग्रीन रूम, पीसीआर रूम, पोस्ट प्रोडक्शन रूम और रेडियो रूम का भी दौरा किया, जहां उन्हें वीडियो एडिटिंग सॉफ्टवेयर और पोस्ट-प्रोडक्शन की बारीकियों से अवगत कराया गया।
जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के मीडिया विभाग की फैकल्टी एवं प्रॉडक्शन टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उन्हें वर्तमान मीडिया इंडस्ट्री की चुनौतियों व भविष्य की संभावनाओं के बारे में बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज के दौर में एक सफल पत्रकार बनने के लिए केवल थ्योरी पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्टूडियो संचालन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, एडिटिंग, डिजाइनिंग, फिल्म और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव भी आवशयक है।
मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने बताया कि इस तरह के अंतर-विश्वविद्यालय संवाद से कॉलेज के मीडिया छात्रों के कौशल को निखारने में मदद मिलती है। यह अनुभव निश्चित रूप से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उनके करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। विजिट के अंतर्गत केएलपी कॉलेज कॉलेज विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। उन्होंने स्टूडियो में लगे कैमरों और रिकॉर्डिंग उपकरणों को न केवल देखा, बल्कि प्रॉडक्शन टीम के मार्गदर्शन में उनके संचालन के बारे में प्रश्न भी पूछे और अपने-अपने न्यूज़ बुलेटिन की रिकॉर्डिंग भी की। विद्यार्थियों ने प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की बारिकियों को जाना और उनका अभ्यास भी किया।
शैक्षणिक भ्रमण टीम का नेतृत्व कर रहे केएलपी कॉलेज के छात्रों के साथ आई फैकल्टी में शामिल डॉ.अमित मेहता, डॉ.ए.निवेदिता और सुश्री अंकिता नैनावत (शिक्षक प्रभारी) और कोऑर्डिनेटर डॉ.रिचा शर्मा मुख्य रूप से शामिल रहे। फेकल्टी ने रेडियो रूम में टॉक शो की रिकॉर्डिंग कर व्यावहारिक ज्ञान का अनुभव प्राप्त किया। मीडिया विभाग द्वारा फिल्म फेस्टिवल में अवार्ड प्राप्त कई शार्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री भी भ्रमण टीम को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई गई।
भ्रमण टीम के शिक्षकों ने जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो.राजीव कुमार और मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह, सहायक प्रोफेसर डॉ.राहुल आर्य, फैकल्टी और प्रॉडक्शन टीम से वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी, प्रॉडक्शन सहायक विशाल बेरवाल का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
फरीदाबाद,1 अप्रैल।
कर्ताओं और सहायिकाओं की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। यूनियन की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व जिला सचिव देवेन्द्री शर्मा ने बताया कि पिछले दस महीने से आंगनवाड़ी केन्द्रों के किराये का भुगतान नहीं किया जा रहा है। सैकड़ों वर्कर्स ने अपनी जेब से किराए का भुगतान करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 6 महीने से वर्कर्स एंड हैल्पर्स के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है और ना ही आंगनवाड़ी केंद्रों पर प्राप्त राशन सप्लाई हो रहा है। जिससे वर्कर्स एंव हैल्पर्स के साथ ही लाभार्थी भी परेशान हैं। आला अधिकारियों को यूनियन द्वारा बार बार पत्र एवं स्मरण पत्र लिखने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी जताई और शीघ्र भुगतान न होने पर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया।
फरीदाबाद में प्राइवेट स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशों के बाद भी अपनी मनमानी लगातार चला रहे है। 834 स्कूलों के द्वारा अभी तक फीस बढ़ोतरी से पहले फार्म-6 को नही भरा है। विभाग का कहना है जो स्कूल फार्म भरे बगैर फीस बढ़ाने की सोच रहे है उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
बता दें कि प्राइवेट स्कूलों को नया सेशन शुरू कर करने से पहले फार्म-6 भरना होता है। इस फार्म के माध्यम से कितनी फीस बढ़ाई जाने वाली है इसकी पूरी जानकारी का विवरण शिक्षा विभाग को दिया जाता है। जिसके बाद शिक्षा विभाग की तरफ से फीस बढ़ाने की परमिशन दी जाती है। इसे बिना भरे फीस बढ़ाना कानूनी रूप से गलत है।
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिलें में 1372 प्राइवेट स्कूल है। जिनमें से केवल 538 स्कूलों ने ही फार्म भरा है। फार्म को भरने के लिए 31 मार्च की आखरी तारीख तय की गई। उसके बाद फार्म नही भर सकते।
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 11वीं कक्षा के छात्रों के लिए शिक्षा विभाग ने एक बड़ा और हाईटेक फैसला लिया है। अब छात्रों को अपनी स्ट्रीम और विषय चुनने के लिए स्कूल के ऑफिस में लाइन नहीं लगानी होगी, बल्कि वे सीधे MIS पोर्टल पर जाकर अपनी पसंद के विषयों का चयन कर सकेंगे।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) को निर्देश जारी किए हैं कि स्कूल एमआईएस (MIS) पोर्टल पर विषय चयन के नए विकल्प तुरंत उपलब्ध कराए जाए। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद फैसले को सत्र 2026-27 से पूरी तरह लागू किया जा रहा है।
छात्र अब मेडिकल, नॉन-मेडिकल और कॉमर्स जैसी स्ट्रीम का चयन ऑनलाइन कर सकेंगे। अब छात्र 'फिजिकल एजुकेशन' को एक वैकल्पिक विषय (Optional Subject) के रूप में चुन पाएंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया होने से पूरी व्यवस्था छात्र हितैषी बनेगी और किसी भी प्रकार के भ्रम की स्थिति नहीं रहेगी। स्कूल प्रशासन के लिए भी छात्रों का डेटा मैनेज करना आसान और व्यवस्थित हो जाएगा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा फरीदाबाद में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर का आज अंतिम दिवस था। दिन की शुरुआत स्वयंसेवकों ने योगाभ्यास और राष्ट्रीय गीत के साथ की। समापन समारोह में आज के मुख्य अतिथि शिक्षाविद और पूर्व प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा जी रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत प्रोग्राम ऑफिसर सीमा, प्रवीन कुमार और सुनील कुमार द्वारा किया गया। स्वयंसेवकों ने इस सात दिवसीय शिविर के बारे में अपने अनुभव सांझे किए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। शिक्षाविद रविंद्र कुमार मनचंदा जी द्वारा स्वयंसेवकों को स्वावलंबी बनने और समय
के सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों को डिजिटल युग का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज ब्लिंकिट, स्विगी, ज़ोमतो आदि अनेकों प्लेटफॉर्म उपभोक्ताओं को घर बैठे आवश्यक आपूर्ति कर रहे हैं, आप भी अपनी रुचि के अनुसार इन प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे अपना करियर बना सकते हैं। धैर्य, समर्पण, अनुशासन और नियमितता से निरंतर कार्य करते रहने की आवश्यकता है, सफलता आप को अवश्य मिलेगी। पूर्व प्राचार्य मनचंदा ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे मोबाइल फोन का उपयोग ज्ञान उपार्जन के लिए उचित कार्यों के लिए करें, अनावश्यक रूप से और समय व्यर्थ करने के लिए मोबाइल पर समय न खर्च करे, बल्कि सकारात्मक कार्य में समय लगाएं और साथ ही साथ अपने माता , पिता, गुरु एवं बड़े बुजुर्गों का सम्मान करें। उन्होंने स्वयंसेवकों को पर्यावरण बचाने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों, कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का शिविर में निमंत्रित करने के लिए बहुत बहुत आभार और धन्यवाद प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में शिविर में अच्छा कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया और शिविर के समापन की घोषणा की गई।







