11 साल बाद हरियाणा कांग्रेस में संगठन विस्तार के तहत 32 जिलाध्यक्षों की घोषणा हो गई है। इस छोटी चौधर में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने खूब जोड़तोड़ लगाकर अपना पलड़ा भारी रखने की कोशिश की। अब प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर बड़ी चौधर की तैयारी के लिए सभी वरिष्ठ नेताओं के गुटों ने जोर-आजमाइश शुरू कर दी है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देशानुसार दो माह के गहन मंथन के बाद 32 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हुई है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह
हुड्डा पक्ष के जिलाध्यक्षों की संख्या ज्यादा रही है लेकिन शीर्ष कांग्रेस ने सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा का कद भी बढ़ाया है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान का कार्यकाल पूरा हो चुका है। अब प्रदेश अध्यक्ष जैसे अहम पद पर किसी अपने को बैठाने के लिए सभी गुटों ने जोर लगाना शुरू कर दिया है। सूत्रों की मानें तो इसके लिए कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता लगातार दिल्ली दौड़ भी लगा रहे हैं। हालांकि, हाईकमान ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव भी कांग्रेसी नेताओं से फीडबैक लेकर निष्पक्ष तरीके से पूर्ण किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष के दावेदारों में राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला, अंबाला से सांसद वरुण मुलाना, सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव शामिल हैं। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष के सवाल का जवाब भी नियुक्तियों के साथ दिया जाएगा। प्रदेश प्रभारी ने जिलाध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह पूर्ण निष्ठा और अनुशासन के साथ गुटबाजी से ऊपर उठकर सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त बनाएं।
No comments :